ज्ञानपुर। नगर पालिका गोपीगंज और नगर पंचायत खमरिया में दूसरे दिन शुक्रवार को भी छापेमारी कर अधिकारियों ने 26 बोरी प्रतिबंधित पालीथिन बरामद कर व्यापारियों पर 28 हजार रुपये का जुर्माना ठोका। छापेमारी से दोनों नगर क्षेत्रों में फुटकर और थोक व्यापारियों में अफरातफरी मची रही। पहले दिन पांच क्विंटल पालीथिन की बरामगी एमडीएम एसके मिश्रा के नेतृत्व में कर लगभग 80 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था और हिदायत दी गई थी कि इसकी पुनरावृत्ति पर कानूनी कार्रवाई के दायरे में लाकर पांच वर्ष की सजा के साथ-साथ एक लाख का जुर्माना ठोंका जाएगा। बावजूद इसके व्यापारी अधिकारियों के निर्देश को ताख पर रखकर पॉलीथिन का कारोबार बड़े पैमाने पर जारी रखे हैं। बताते हैं कि छापेमारी की कार्रवाई को दरकिनार करते हुए प्रतिबंधित पॉलीथिन के कारोबार में लगे लोगों के खिलाफ उपजिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश यादव ने आजादनगर-गोपीगंज में किराए के मकान में रखे 25 बोरी पालीथिन को बरामद कर व्यापारी पर 25000 का जुर्माना लगाया। टीम में शामिल ईओ अमिता सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसी तरह खमरिया में ईओ विजय कुमार यादव के निर्देश पर नगर पंचायत कर्मी राजेंद्र पांडेय, कमलेश यादव ने अभियान चलाकर एक बोरी से अधिक प्रतिबंधित पालीथिन बरामद कर तीन हजार रुपये जुर्माना लगाया। दुकानदारों को चेतावनी देते हुए पुन: छापेमारी में पालीथिन बरामद होने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।