ज्ञानपुर। महिलाओं और बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों में प्रभावी कार्रवाई के लिए जिले की पुलिस पूरे प्रदेश में अव्वल रही है। गृह मंत्रालय और महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन ने इस मामले में भदोही पुलिस की सराहना की है। जिले की पुलिस ने गृह मंत्रालय की ओर से संचालित आईटीएसएसओ पोर्टल पर महिला व बाल अपराधों से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में जिले की पुलिस महिला और बाल अपराधों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के साथ ही समयबद्ध तरीके से निस्तारण भी किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक खुद इन मामलों को लेकर गंभीर रहते हैं और समय-समय पर उसकी समीक्षा करते रहते हैं। गृह मंत्रालय की ओर से संचालित आईटीएसएसओ पोर्टल के माध्यम से जनपद की पुलिस ने महिलाओं और बच्चों से जुड़े लैंगिक मामलों का तय समय सीमा दो महीने से भी कम समय में विवेचना कर उसका निस्तारण किया है। इस मामले में जिले की पुलिस पूरे प्रदेश में अव्वल रही। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जिले को अपराध मुक्त बनाने के साथ ही लैंगिक अपराधों की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। गृह मंत्रालय व महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की सराहना से पुलिसकर्मियों को मनोबल बढ़ेगा और इससे और भी बेहतर करने को प्रेरित होंगे।