गल्ला मंडी गोपीगंज में लाकडाउन तोड़ रहे लोगों को खदेड़ती पुलिस।
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को नगरीय क्षेत्रों और नो-इंट्री में घुस कर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर जमकर लाठियां भांजी। पुलिस ने सख्ती की तो लोग इधर-उधर भाग निकले। कहा कि डीएम के निर्देश पर इमरजेंसी में सुबह सात से 10 बजे तक दी जा रही छूट में व्यापारी दुकानें खोलेंगे। बावजूद इसके थोक व्यापारी से लेकर खरीदार तक लॉकडाउन तोड़ने में लगे हैं। इसकी नजीर गोपीगंज नगर में गल्ला मंडी सहित अन्य स्थानों पर देखने को मिल जाती है। कोरोना वायरस की महामारी से बचने के लिए जहां शासन-प्रशासन ने 21 दिन का लाकडाउन घोषित कर पालन करा रहे हैं, वहीं तमाम लोग जानबूझ कर महामारी फैलाने में लगे हैं, जो खतरनाक हो सकता है। लाकडाउन से घरों में बैठे लोगों को तरह-तरह की सुविधाएं घर-घर पहुंचाने का निर्देश भी प्रभावी है, बावजूद इसके लोग नहीं मान रहे हैं। जबकि पुलिस नगरीय क्षेत्रों को लक्ष्य मानकर बराबर चक्रमण कर लोगों को ध्वनि यंत्रों से आगाह भी कर रही है। छूट का बेजा लाभ उठाकर दुकानदार, ग्राहक, बैंक प्रबंधन, खाताधारक शासन से मिलने वाली मदद को भुनाने के लिए लाकडाउन को तोड़ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लोग सोशल डिस्टेंस की अनदेखी कर रहे हैं। कोतवाल और चौकी प्रभारी गल्ला मंडी, खड़हट्टी मोहाल में चौकसी बरतते नजर आए।