गोपीगंज। जिले भर में मस्जिदों के सामने जुमे की नमाज के दौरान पुलिस की तैनाती रही। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थिति जामा मस्जिद में पुलिस और नमाजियों में नोंकझोंक हो गई। कुछ ही देर बाद मामला शांत हो गया और नमाज अदा की गई।
वाराणसी के ज्ञानवापी के बारे में हुए फैसले के विरोध में शुक्रवार को दुकानों को बंद रखने की अपील की गई थी। जिला प्रशासन की तरफ से जनपद के सभी मस्जिदों में शांतिपूर्वक नमाज अदा हो इसके लिए पूरी तरह से चाकचौबंद व्यवस्था कर रखी थी। जामा मस्जिद में भारी भीड़ हो जाने के बाद मस्जिद के सामने की गली में काफी लोग नमाज पढ़ने के लिए बैठ गए थे। इस दौरान सुरक्षा ड्यूटी में लगे नगर चौकी प्रभारी ने गली में बैठ कर नमाज नही पढ़ने की बात कही। जिसे सुन नमाजी नाराज हो गए और कुछ देर तक पुलिस और नमाजियों में कहासुनी हुई। नमाजियों का कहना रहा कि गली में नही बैठना है इसकी सूचना पूर्व से क्यों नही दी गई। इसी बीच उपस्थित एलआईयू विभाग और कोतवाल संतोष कुमार श्रीवास्तव नमाजियों को समझा-बुझाकर सकुशल नमाज को सम्पन्न करवाए। इस दौरान भारी पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।