घोसिया नगर पंचायत के राजापुर में सड़क बनाने के लिए प्रदर्शन करते लोग। संवाद
घोसिया। नगर के वार्ड चार आंबेडकर नगर में सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। इससे मोहल्ले के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। नागरिकों ने बताया कि इसी सड़क के किनारे चौरा माई का मंदिर स्थित है। जहां प्रतिदिन श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। सड़क की खराब स्थिति के चलते मंदिर परिसर में भी कीचड़ और गंदा पानी चला जाता है। इससे श्रद्धालुओं को भारी असुविधा होती है। सड़क के दोनों ओर बनी नालियां भी पूरी तरह जाम हैं। इसके कारण गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते समय आए दिन लोग फिसलकर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मोहल्ले के मनोज कुमार गौतम, रवि गौतम, किसान गौतम, सभाजीत गौड़, चमोला देवी, अनीता देवी, वंदना देवी, कोमल देवी, सच्चा देवी ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।