देशभर में कोरोना संक्रमण कम होने के साथ ही कालीन नगरी में बुधवार को एक संक्रमित मिला है। वर्तमान समय में कालीन नगरी में कोरोना संक्रमण कम हुआ है लेकिन कोरोना संक्रमण का खतरा अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में लोगों की ओर कोरोना गाइडलाइन के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। जिले में कोरोना का संक्रमण कम होने के बाद प्रशासन की ओर से कोरोना कर्फ्यू में भले ही छूट दे दी है लेकिन कोरोना गाइड लाइन का सख्ती से पालन करने की भी निर्देेश दिया है। जिले के प्रमुख बाजारों ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही, महारागंज, सुरियावा, चौरी, औराई और जंगीगंज में सुबह शाम के समय खरीददारों व आम लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। सुरियावा बाजार की सब्जी, कपड़े व किराना सहित अन्य दुकानों पर लोगों भारी भीड़ देखी गई। इसके अलावा जिले के पूर्वी छोर पर स्थित चौरी बाजार में दुकानों पर काफी ज्यादा भीड़ भाड़ देखी गई। चौरी बाजार में ज्यादातर लोग बिना मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग के ही घुमते रहे। यही स्थित जिले औराई व महाराजगंज मार्केट में भी देखने को मिली जहां लोग सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए देखे गए। ज्ञानपुर व गोपीगंज में स्थित सब्जी मंडी में सुबह के वक्त सब्जी की खरीददारी करने पहुंचें लोगों ने जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई। इस दौरान एक एक सब्जी की दुकानों पर दर्जनों लोगों की भीड़ एक साथ सब्जी खरीदते हुए दिखी। ऐसे में अब कोरोना कर्फ्यू में ढील मिलने के बाद लोग गाइड लाइन के प्रति काफी ज्यादा लापरवाही बरतते हुए देखी जा रही हैं।