पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसका असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बीते दो दिनों में जिले के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई है। लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। वायरल फीवर से ग्रसितों की संख्या भी बढ़ गई है। सोमवार को जिला चिकित्सालय में मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की भरमार रही। ओपीडी में दोपहर दो बजे तक 913 मरीज पहुंचे। मौसम बदलने से बच्चों की सेहत पर सबसे अधिक असर पड़ा है। अचानक से तापमान गिरने से मौसम ठंड हो गया है। चिकित्सक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। सोमवार की सुबह आठ बजे जैसे ही ओपीडी शुरू हुई। जिला चिकित्सालय में मरीजों की भीड़ लग गई। । चिकित्सालय में सर दर्द, वायरल बुखार, सर्दी जुखाम के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। जिला चिकित्सालय के डॉ प्रदीप यादव ने बताया कि न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। इसका असर सेहत पर पड़ रहा है। मौसम के उतार चढ़ाव के बीच लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।