जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में आधार प्रमाणीकरण कराने आए बुजुर्ग। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। समाज कल्याण विभाग से संचालित वृद्धावस्था पेंशन के करीब 17 हजार लाभार्थियों की पेंशन आधार प्रमाणीकरण (सर्टीफिकेशन) के फेर में फंस गई है। 50 हजार 147 पेंशनरों में अब तक 31 हजार 947 लाभार्थियों ने ही प्रमाणीकरण कराया है जबकि 17 हजार 974 नहीं करा सके। इसकी वजह से इनकी पेंशन रूक गई है। अब बुजुर्ग समाज कल्याण से लेकर ब्लॉक कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। बुजुर्गों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए सरकार वृद्धा पेंशन योजना का लाभ देती है। हर तीसरे महीने में एक हजार की दर से तीन हजार रुपये उनके खाते में भेजी जाती है। योजना में पारदर्शिता लाने के लिए शासन के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग की ओर से बुजुर्गों के लिए संचालित वृद्धावस्था पेंशन को आधार से जोड़ते हुए उसका प्रमाणीकरण करना है। समाज कल्याण विभाग ने निर्देश मिलने के बाद अप्रैल माह मेें ही इस संबंध में पत्र जारी करते हुए लाभार्थियों को पेंशन से अपना आधार प्रमाणीकरण कराने को कहा था। विभाग की ओर से ब्लॉकों में भी पत्र भेजा गया था। इसके बाद भी चार माह से चल रहे प्रमाणीकरण के कार्य के बीच अभी तक 50 हजार 147 पेंशनरों के सापेक्ष करीब 31 हजार 947 ने अपना प्रमाणीकरण कराया है। करीब 18 हजार पेंशनरों का आधार प्रमाणीकरण अभी तक नहीं हो सका है। आधार प्रमाणीकरण नहीं होने से पेंशनरों की पेंशन फंस गई है। नए वित्तीय वर्ष की पहली किस्त जाने के बाद जिन लाभार्थियों की पेंशन खाते में नहीं आई वह अब बलॉक से लेकर समाज कल्याण कार्यालय तक चक्कर लगा रहे हैं। समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार यादव ने कहा कि आधार प्रमाणीकरण होने पर ही पेंशन की राशि खाते में जाएगी। 50 हजार लाभर्थियों में 31 हजार 947 ने कराया है। जैसे-जैसे बचे हुए लाभार्थी प्रमाणीकरण करा लेंगे उनके खाते में पैसा चला जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए लाभार्थी बैंक पासबुक, आधार की फोटोकापी और मोबाइन नंबर लेकर विकास भवन स्थित कार्यालय या ब्लॉक में जाकर जमा कर सकते हैं।