लालानगर। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर यात्रियों को दुश्वारियां उठानी पड़ी। अर्नब तूफान के असर के कारण हो रही बरसात के बीच दूरदराज के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर तीन ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से पहुंची। लगातार बारिश को ट्रेनों के विलंब का मुख्य कारण बताया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र दुबे ने बताया कि प्रयागराज से कोलकाता जाने वाली विभूति एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13048) लगभग 20 मिनट देरी से 4:53 बजे स्टेशन पहुंची। मुंबई से बिहार जाने वाली पवन एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11061) अपने निर्धारित समय से करीब तीन घंटे लेट होकर दोपहर 1:47 बजे आई। इसी तरह, लिच्छवी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14005) भी डेढ़ घंटे की देरी से 5:52 बजे स्टेशन पर पहुंची। पुणे दरभंगा एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से काफी विलंब से पहुंची। बताया कि बरसात के कारण ट्रेनों के परिचालन में देरी हो रही है।