क्रय किए गए जेसीबी को पालिका के वाहनों के बेड़े में शामिल करते पालिकाध्यक्ष
- फोटो : BHADOHI
भदोही। आगामी वर्षा ऋतु और मौजूदा गर्मी को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने एक जेसीबी और तीन पेयजल के टैंकर खरीदे हैं। बृहस्पतिवार को पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने पालिका प्रांगण में नारियल फोड़ कर सभी वाहनों को पालिका के बेड़े में शामिल किया। उन्होंने कहा कि पालिका के पास पहले से एक जेसीबी और आठ पानी के टैंकर थे। जिनसे लोगों के दरवाजे तक पानी पहुंचाया जाता था। तीन और टैंकर आ जाने से पालिका क्षेत्र के लोगों को और सहूलियत हो जाएगी। अध्यक्ष ने कहा कि पालिका का सीमा विस्तार हो जाने से दूर दराज के क्षेत्रों में पानी पहुंचाना टेढ़ी खीर थी। गर्मियों में जहां हैंडपंप खराब होंगे या सबमर्सिबल पंप खराब होंगे वहां तत्काल प्रभाव से पानी पहुंचाया जा सकेगा। इतना ही नहीं साफ सफाई को देखते हुए एक और जेसीबी खरीदी गई है। इसकी मदद से आगामी बारिश के सीजन में नालों की साफ सफाई कराना भी आसान हो जाएगा। उन्होंने पालिका के सफाई नायकों को निर्देशित किया कि अभी से बढ़े नए शामिल मोहल्लों में नाली सफाई अभियान चलाकर जलनिकासी के प्रबंध करें ताकि बारिश में दिक्कत न हो। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर सभासद गुलाम हुसैन संजरी, करुणा शंकर दूबे, रमेश सरोज, इरशाद अंसारी, आशीष जायसवाल, अरविंद मौर्य, सुरेश जायसवाल, जेई सिविल दिनेश सिंह, जेई जल प्रदीप यादव, अजय सिंह, मुकेश दूबे, प्रिंस गुप्ता, राजेश गुप्ता आदि रहे।