कोतवाली क्षेत्र के गणेश मंदिर मार्ग पर रविवार की देर शाम विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो लोग झुलस गए। युवकों सीएचसी गोपीगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो इलाज सीएचसी में ही चल रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार को देर शाम सोहगी गांव निवासी प्रकाश (25) पुत्र वकील बिंद, शिवचंद्र (18) पुत्र लाल बहादुर और किशन (16) पुत्र कृपा शंकर अपनी जमीन पर लगे विद्युत पोल देखने गोपीगंज पहुंचे थे। इसी बीच पोल में उतर रहे करंट से अंजान तीनों युवक जैसे ही पोल के पास पहुंचे करंट की चपेट में आ गए। करंट की चपेट में आने से प्रकाश व शिवचंद बुरी तरह से झुलस गए। वहीं किशन को हलका झटका लगने से वह दूर छिटक गया। आनन-फानन में तीनों को परिजन निजी चिकित्सालय में उपचार को लेकर गए। जहां चिकित्सक ने प्रकाश को रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सीएचसी गोपीगंज पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करंट से मौत की सूचना लगते ही सीएचसी में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विद्युत पोल से 11 हजार तार संपर्क में आने के कारण यह घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी राजेश भारती, सीओ प्रभात राय, कोतवाल सदानंन्द सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मी हॉस्पिटल पहुंच गए। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। परिवार में जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।