ज्ञानपुर। सरपतहां स्थित जिला मुख्यालय पर मंडलायुक्त डॉ. मुथु कुमार स्वामी बी और अपर आयुक्त डॉ. विश्राम सोमवार को कलेक्ट्रेट में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। इससे पहले उन्होंने कई जगहों पर निरीक्षण किया। लंबित प्रकरणों को समय से निस्तारित करने का निर्देश दिया। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
मंडलायुक्त ने न्यायालय आपके द्वार की जानकारी ली और उसकी सराहना करते हुए इसे मिर्जापुर एवं सोनभद्र में भी शुरू कराने का निर्देश ओएसडी को दिया। जनसंवाद सेल के बारे में डीएम ने बताया कि अधिकतर शिकायतें ग्राम विकास विभाग, राजस्व, आपूर्ति, कृषि, पुलिस, श्रम, विद्युत, समाज कल्याण, महिला कल्याण से जुड़ी रहती हैं। सेल में लगी कियोस्क मशीन पर फरियादी शिकायत पंजीयन नंबर डालकर कार्रवाई के बारे में जानकारी हासिल कर सकता है।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईमानदारी से अपने कार्यों को करें। गरीबों, वंचितों, विधवा, महिलाओं के संवेदनशील कार्यों को प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित करें। इंग्लिश रिकार्ड रूम में सफाई तथा अग्निशमन यंत्रों, किटनाशकों के छिड़ाव के बारे में जानकारी ली। मुकदमों की नकल जारी करने लगने वाले समय की समीक्षा की। राजस्व लेखागार पटल पर उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की सेवा पुस्तिका, जीपीएफ एवं एनपीएस पासबुकों के विवरण को निस्तारित करने को कहा। चरित्र एवं हैसियत प्रमाण पत्र, तहसील दिवस, आईजीआरएस, प्रमाणपत्रों की समीक्षा की और शस्त्र लाइसेंस की बेब पोर्टल पर फिडिंग करने कोे कहा।