मरम्मत न होने से टूटी जीटी रोड से चकवासूम जाने वाली सड़क। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। सरकार के लाख दावे के बाद भी ग्रामीण अंचलों की सड़कों की सूरत नहीं बदल रही है। कहीं गड्ढे नजर आ रहे हैं तो कहीं तारकोल और बोल्डर ही गायब है। अफसर सिर्फ कागजी घोड़ा दौड़ा रहे हैं, जिससे ग्रामीण सड़कों की दशा नहीं बदल रही। ऐसे में मार्गों पर चलना कष्टकारी हो गया है। शिकायतों के बाद भी न तो अफसर चेत रहे और न ही जनप्रतिनिधि। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ऊंज जीटी रोड से कुरमैचा होकर प्रयागराज सीमा चकवासूम तक जाने वाली पांच किमी सड़क मरम्मत न होने से ध्वस्त हो गई है। सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। दुपहिया और साइकिल सवार ही नहीं पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह जीटी रोड से कुरमैचा जाने वाली सड़क भी टूट चुकी है। गाड़ी के टायर से गिट्टियां छिटक कर आसपास के लोगों को घायल करती है। गांव के रविंद्र कुमार बिंद, दीपचंद यादव, गामा सिंह, मगरू राम, श्याम बहादुर बिंद, राज कुमार बिंद, पप्पू शर्मा, योगेश बिंद, दिनेश शर्मा, कमलेश शर्मा ने प्रशासन से सड़क बनवाने की मांग की। करियावं से हरजूपुर सिद्धनाथ घाट होते हुए जौनपुर के रामपुर बाजार जाने वाले मार्ग भी मरम्मत न होने से टूट गई है। यही हाल करियांव-आलमगंज मार्ग की है। दोनों सड़कें जौनपुर को जोड़ती हैं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं हो सकी। ग्रामीण सूर्यकुमार, सुनील कुमार ने बताया कि सड़क मरम्मत की मांग को लेकर अधिकारियों के साथ ही सांसद और विधायक से कई बार कहा गया, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। सुरियावां-निगोह मार्ग से जुड़ी अबरना, हरिहरपुर होकर गहरपुर जौनपुर तक जाने वाली सड़क भी मरम्मत न होने से कई स्थानों से टूट गई है। जिले में ऐसी करीब 100 ग्रामीण सड़कें हैं जिनकी मरम्मत सालों से नहीं हो सकी है। नए वित्तीय वर्ष में मरम्मत का प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जून में दूसरा प्रस्ताव भेजा जाएगा। एसबी राव,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण