ज्ञानपुर। जिले के सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी अब आठ से दो के बजाय सुबह 10 से चार बजे तक चलेगी। सर्दी के मौसम को देखते हुए विभाग ने समय में बदलाव किया है। हालांकि जिला अस्पताल, सौ शय्या और एमबीएस की ओपीडी सुबह आठ से दो बजे तक ही संचालित होगी। जिले के छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सुरियावां, भानीपुर, डीघ, गोपीगंज, औराई, भदोही और 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर करीब 12 से 14 लाख लोगों का उपचार किया जाता है। हर दिन इन अस्पतालों में ढाई से तीन हजार लोगों की ओपीडी होती है। सुबह आठ से दो बजे तक चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हैं। अब इन अस्पतालों पर मरीजों को चिकित्सक 10 बजे से मिलेंगे। इस सप्ताह से आगामी 31 मार्च तक सुबह 10 से शाम चार बजे तक ओपीडी रहेगी। इसके बाद फिर सुबह की ओपीडी शुरू हो जाएगी। सीएमओ डॉ. एसके चक ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को नए समय के अनुसार ओपीडी में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।