फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: अब भदोही में होने वाले कारपेट एक्सपो पर दांव लगा रहे निर्यातक

विज्ञापन
विज्ञापन
आगामी 14 से 17 जुलाई को नई दिल्ली में होने वाले भारत टेक्स-2026 के प्रति भदोही के कालीन निर्यातकों का रुझान नहीं बन पा रहा है। नई दिल्ली में प्रस्तावित इंडिया कारपेट एक्सपो के रद्द होने के बाद यह माना जा रहा था कि भारत टेक्स-2026 के प्रति निर्यातकों की रुचि बढ़ेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। निर्यातकों का कहना है कि मौजूदा वैश्विक मंदी और युद्ध जैसे हालातों को देखते हुए यह स्पष्ट है कि जुलाई में कालीन खरीदारों का भारत आना मुश्किल होगा। ऐसे में अधिकांश निर्यातक अब अक्टूबर में भदोही में होने वाले इंडिया कारपेट एक्सपो की तैयारियों में जुट गए हैं। ज्ञात हो कि कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) ने 11 से 14 अप्रैल 2026 के बीच नई दिल्ली में इंडिया कारपेट एक्सपो आयोजित करने की तिथियां निर्धारित की थीं। हालांकि, अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और आयातकों की घटती रुचि को देखते हुए इसे रद्द करने का निर्णय लिया गया। इस फैसले के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि निर्यातक जुलाई में आयोजित भारत टेक्स-2026 में भाग लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। प्रमुख कालीन निर्यातक संजय गुप्ता का कहना है कि भारत टेक्स का समय आयातकों के लिए अवकाश का होता है। इसके अलावा, अमेरिका-ईरान के बीच तनाव भी एक बड़ा कारण है। इस स्थिति में हवाई यातायात और कार्गो सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों को देखते हुए हम भारत टेक्स के बजाय अक्टूबर में भदोही के एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले इंडिया कारपेट एक्सपो पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। वहीं, एक अन्य निर्यातक एजाज अंसारी का कहना है कि नई दिल्ली का कारपेट एक्सपो रद्द होने के बाद उन्हें उम्मीद है कि भदोही में होने वाला एक्सपो अधिक सफल रहेगा। इसी वजह से अब सभी लोग उसकी तैयारियों में जुट गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें