खाद-बीज की दुकान की जांच करतीं गठित टीम। स्रोत विभाग
जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर मंगलवार को कृषि विभाग की टीम ने भदोही, ज्ञानपुर और औराई तहसील क्षेत्र में बीज की 40 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीज के 23 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए। अभिलेख अपूर्ण मिलने पर आठ दुकानदारों को नोटिस जारी किया। जिले में धान की कटाई शुरू हो चुकी है। किसान अब गेहूं की बोआई की तैयारी में जुट गए हैं। जिसके लिए वह खाद-बीज खरीदने लगे हैं। किसानों को कोई दिक्कत न हो इसलिए गठित टीम दुकानों की जांच कर रही है। मंगलवार को उप निदेशक कृषि डॉ. राम प्रवेश ने भदोही, जिला कृषि अधिकारी ईरम ने ज्ञानपुर और प्राविधिक सहायक अजीत कुमार ने औराई तहसील में कुल 40 दुकानों की जांच की। दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। जिला कृषि अधिकारी ने दुकानदारों को हिदायत दिया कि उर्वरक बिक्री नियमानुसार करें। किसानों को दिक्कत होगी तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।