वाहनों के फिटनेस को लेकर परिवहन विभाग संजीदा है। कलेक्ट्रेट संग छह सरकारी विभागों के वाहनों का फिटनेस फेल होने पर नोटिस जारी किया गया। फिटनेस प्रमाणपत्र न लेने पर वाहनों को सीज करने की कवायद शुरू होगी। उप संभागीय परिवहन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि कलेक्ट्रेट, लोक निर्माण विभाग, उप जिलाधिकारी और तहसीलदारों के साथ स्वास्थ्य विभाग में संचालित कई वाहनों का फिटनेस फेल हो चुका है। बगैर फिटनेस वाहनों का संचालन नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि विभागाध्यक्षों के अलावा अन्य वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है। वाहन मालिक यदि फिटनेस नहीं करवाते हैं तो अर्थदंड वसूली के साथ ही सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बगैर फिटनेस वाहनों को सार्वजनिक स्थानों पर संचालित नहीं किया जा सकता।