ज्ञानपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-रामबाग रूट पर ज्ञानपुररोड से हंडिया स्टेशन तक नान इंटरलाक कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया। कार्य के दौरान रेल विकास निगम के कर्मचारियों ने ट्रैक नंबर एक को उखाड़ा ही ओएचई के तारों को हटाने में भागदौड़ जारी रखा जिससे स्टेशन, हाल्ट के पूर्वी-पश्चिमी छोर स्थित फाटक खुलते और बंद होते रहे। अधिकारियों ने बताया कि माधोसिंह सिंह सेक्शन में दोहरीकरण के तीसरे चरण का कार्य पूरा होने पर पूर्वोत्तर मुख्यालय ने 23 फरवरी तक मेगा ब्लाक की संस्तुति कर दो जोड़ी ट्रेनों को निरस्त किया है बल्कि सात जोड़ी आरक्षित ट्रेनों का रूट बदलकर चलाया जा रहा है। आरक्षित ट्रेनों का रूट बदलने और दो जोड़ी ट्रेनों का निरस्तीकरण होने के चलते स्टेशन, हाल्ट सन्नाटे में दिखे। अनुमान लगाया जा रहा है कि 24 फरवरी तक इंटरलाक कार्य पूरा होने पर संरक्षा आयुक्त पूर्वी जोन दोहरीकरण का निरीक्षण कर ट्रेनों को हरी झंडी दे सकते हैं। रेलपथ निरीक्षक माधोसिंह एके सिंह ने कहा कि निगरानी में नान इंटरलाक कार्य तेजी के साथ चल रहा है। मेगा ब्लाक के निर्धारित समय में जंगीगंज, भीटी, हंडिया तक फाइनल टच मिल जाएगा।