नगर पालिका परिषद कार्यालय में शनिवार को मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। उपजिलाधिकारी भान सिंह ने मनोनीत सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभासदों ने ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। शासन द्वारा नामित सभासदों में संजय गुप्ता, ज्योति नारायण, नीलम दुबे, कौशलेंद्र सिंह बघेल एवं राधेश्याम निषाद ने क्रमवार शपथ ग्रहण करने के उपरांत नगर के विकास, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने और नियमों का पालन करने की प्रतिबद्धता जताई। उपजिलाधिकारी भान सिंह ने कहा कि सभासद नगर पालिका की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनके माध्यम से जनता की समस्याएं प्रशासन तक पहुंचती हैं और उनका समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने सभी शपथ लेने वाले सभासदों से अपेक्षा की कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें। मौके पर पालिकाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, सभासद मोहित उमर, सुधा देवी, धीरज मोदनवाल, नन्दलाल मौर्या, जयशंकर, राशिद खान, गुड्डी, समेत अन्य रहे।