भदोही। पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में उप्र उद्योग व्यापार मंडल के भदोही नगर बंद का असर नहीं रहा। कटरा बाजार के इर्द गिर्द कुछ दुकानों को छोड़ दें तो दुकानें रोज की तरह खुली रहीं। कटरा बाजार में सुबह कुछ दुकानों पर असर दिखा लेकिन दोपहर होने से पहले दुकानें खुल गई थीं। खास बात यह रही कि दुकानें बंद कराने के लिए किसी ने दुकानदारों पर दबाव नहीं बनाया। जानकारी हो कि 6 सितंबर की रात में कटरा बाजार में पहले दो पक्षों में झगड़ा हुआ इसके बाद विपक्षी की पिटाई से 72 वर्षीय मुस्तकीम की मौत हो गई थी। इसमें पालिकाध्यक्ष समेत 7 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही व्यापारियों में नाराजगी थी। लोगों का मत है कि पालिकाध्यक्ष वहां बीच बचाव करने गए थे लेकिन उन्हें ही आरोपी बना दिया गया। इस बीच बीते कई दिनों से मामले की जांच करा कर पालिकाध्यक्ष पर दर्ज फर्जी मुकदमा खत्म करने की मांग की जा रही थी। उसी क्रम में व्यापार मंडल के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को भदोही बंद का आह्वान किया था। सुबह के समय कटरा बाजार को छोड़ दें तो मेनरोड, स्टेशन रोड, चौरी रोड आदि पर बंदी का असर नहीं रहा।