ज्ञानपुर। इन दिनों ठंड में इजाफे के कारण सर्दी, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में 20 फीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं अस्पताल में खांसी का सीरप न होने से मरीजों को परेशानी हो रही है। उन्हें बाहर की दुकानों से दवा लेनी पड़ रही है। बृहस्पतिवार को दिन में अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची मरीजों को चिकित्सकों ने सीरप लिखा तो वे दवा काउंटर पर पहुंचे। वहां सीरप न होने की बात कहकर वापस कर दिया गया। मरीजों ने बताया कि जिला अस्पताल में खांसी का सीरप अक्सर गायब रहता है। इससे मरीजों को परेशानी होती है। यहां न मिलने की दशा में बाहर दुकान से खरीदना पड़ता है। शीघ्र सीरप उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया किया खांसी का सीरप उपलब्ध नहीं है, अन्य सभी दवाएं हैं। उसे भी मंगाया गया है।