ज्ञानपुर। जिले के सभी नौ थानों में शनिवार को समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें कुल 65 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें पुलिस विभाग की नौ शिकायतें निस्तारित की गईं। वहीं राजस्व के सभी 56 शिकायतें लंबित रह गईं। उनके निस्तारण के लिए टीम गठित की गई है। राजस्वकर्मियों को मामलों का निस्तारण प्राथमिकता से कराने का निर्देश दिया गया है। ज्ञानपुर कोतवाली में तहसीलदार अजय सिंह की अध्यक्षता में शिकायतें सुनी गईं। यहां कुल आठ मामले आए, जिनमें दो का निस्तारण किया गया। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, लेखपाल रजनीश बघेल आदि रहे। चौरी थाने में आए चार मामले लंबित रह गए। औराई कोतवाली में एसडीएम शैलेंद्र मणि त्रिपाठी और सीओ प्रभात राय ने शिकायतें सुनी। यहां 28 मामले आए, जिसमें पांच निस्तारित किया गया। सुरियावां में एसडीएम भदोही अरुण गिरी और सीओ एके मिश्रा ने समस्याएं सुनी। यहां आए 10 प्रार्थना पत्रों में सात राजस्व और तीन पुलिस विभाग से जुड़े रहे। पुलिस के दो मामले निस्तारित हुए। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक अजीत श्रीवास्तव आदि रहे। ऊंज थाने में एक मात्र प्रार्थना पत्र भी लंबित रह गया। दुर्गागंज थाना परिसर में समाधान दिवस प्रभारी भदोही तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान और थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। यहां आए 10 मामलों में से दो निस्तारित किए गए। सभी थानों में कुल 65 प्रार्थना पत्र आए। इनमें 56 राजस्व और नौ पुलिस विभाग से जुड़े रहे। पुलिस के सभी मामले निस्तारित किए गए।