नई बाजार शीतला माता मंदिर से निकली कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु। संवाद
नईबाजार। नवरात्रि के पावन अवसर पर बृहस्पतिवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के उत्तर फटका स्थित शीतला माता मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कलश यात्रा की शुरुआत विधिवत पूजन-अर्चन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। यज्ञ आचार्य मेंहदीपुर बालाजी धाम से पधारे सूरज जी महाराज व पंडित प्रदीप दुबे ने अनुष्ठान संपन्न कराया। यजमान के रूप में रवि भागवत गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी पिंकी गुप्ता ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजन किया। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों और जयकारों के बीच आगे बढ़ रही थीं। यात्रा उत्तर मटका से निकलकर चांदनी चौक, शिवाजी नगर, गुलौर सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। डीजे, ढोल-ताशों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। मौके पर सावित्री देवी सुमन राजपूत, सिमरन, सुजाता, शशि, पार्वती, उर्मिला, पुष्पा, ज्योति, मीनू, अशोक जायसवाल, दिलीप गुप्ता, विनय उमर वैश्य, सुरेश साहू आदि रहे।