ज्ञानपुर। डीएम ने कहा कि सड़कों पर ब्लैकस्पॉट के पहले एनएचएआई चेतावनी का बोर्ड लगवाए। ताकि लोग सड़क पर चलते समय सचेत हो जाएं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शनिवार को डीएम विशाल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें यातायात नियमों पर चर्चा की गई। डीएम ने कहा की वाहन चलाते समय यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराएं। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिकारी इसको सख्ती से पालन कराएं।
सभी सरकारी दफ्तरों में तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें अन्यथा आपके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्रों की जांच कराने एवं निर्धारित मानकों को पूरा करने के उपरांत ही वाहन चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित करें कि स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को न बिठाया जाए। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए ऐसे व्यक्तियों को चिह्नित करते हुए पुरस्कृत करने का निर्देश दिया कि जो घायलों की मदद में आगे आएं। उन्होंने एनएचएआई को अपने मार्गों पर साईन बोर्ड, स्पीड साईन बोर्ड, ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, फुटपाथ की मरम्मत एवं झाड़ियों को कटवाने एवं आबादी क्षेत्रों में साईन बोर्ड लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने एनएचएआई को निर्देश दिये कि जनपद में पहचाने गए किये गये नवीन दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों/ब्लैकस्पॉट्स के दोनों तरफ नियमानुसार निर्धारित दूरी से पहले ब्लैकस्पॉट चेतावनी बोर्ड लगाएं।