गोपीगंज नगर में सिक्सलेन पर कट प्वाइंट खुलवाते एनएचआईकर्मी।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर/लालानगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार को एनएचएआई के अधिकारियों की देखरेख में चार स्थानों पर हाईवे के डिवाइडर पर कट प्वाइंट खोल दिया गया। व्यापारियों ने इसे व्यापार मंडल की जीत बताते हुए हर्ष जताया। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने कहा कि गोपीगंज नगर काशी-प्रयाग के मध्य स्थित प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। बड़ी तादाद में ग्रामीण एवं नगरीय इलाकों से लोग बड़े पैमाने पर यहां आते हैं। नगर को जाम से राहत दिलाने के लिए एनएचएआई ने करोड़ों खर्च कर सिक्सलेन पर ओवरब्रिज का निर्माण कराते हुए दोनों छोर के कट प्वाइंट को बंद कर दिया था। लगभग तीन से चार किलोमीटर दूर बने अंडरपास ब्रिज से क्रॉसिंग की सुविधा दे दी। कट प्वाइंट बंद होने पर वाहनों का आवागमन नगर में नाममात्र तक सीमित हो गया। पांच से 10 किलोमीटर की दूरी पर खुले वाह्य कट से बड़े वाहनों का आवागमन मानक को ताक पर रखकर बनाई गई सर्विस लेन पर होने से दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी को देख व्यापार मंडल ने कई बार धरना-प्रदर्शन, अनशन भी किया। यहां तक कि सोमवार को पावर हाउस गिराईं के सामने लामबंद होकर कट प्वाइंट को खोलने की मांग की। मामला बढ़ते देख एनएचएआई ने झिरिया पुल और गिराईं तिराहे के दोनों लेन पर कट प्वाइंट खोल दिया। रमाकांत गुप्ता, दिनेश उमर, अभिषेक जायसवाल, रतन अग्रहरी, सिराज अख्तर आदि ने कहा कि कट प्वाइंट के खुलने से नगर में बने बस स्टैंड पर रोडवेज बसों का ठहराव और जरूरी कार्यों से आने-जाने वाले वाहनों का आवागमन होता रहता है। एनएचएआई के पीडी एके राय ने बताया कि जनहित में केंद्र सरकार से मिले निर्देशों का पालन करते हुए कट प्वाइंट खोले गए हैं।