दुर्गागंज। सुरियावां थाना क्षेत्र से होकर वरुणा नदी के तटवर्ती गांवों तक जाने वाले गड़ौरा माइनर में गोकुलपट्टी गांव के पास शुक्रवार को एक नवजात मिली। पुलिस ने नवजात को कब्जे में लेकर चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। दुकानदार रामराज बिंद ने बताया कि वह बसवापुर चौराहा से सटे गोकुलपट्टी गांव होकर आ रहे थे। तभी बच्ची के रोने की आवाज आई और वह रुक गए। इधर-उधर देखने के बाद जब वह माइनर के अंदर देखा तो बोरे में लिपटी नवजात बच्ची रो रही थी। शोरगुल मचाने पर आस-पास लोग भी बड़ी संख्या में जुट गए। संतानविहीन कुछ लोगों ने नवजात को गोंद लेने की इच्छा जताई लेकिन तब तक पुलिस ने कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक सुरियावां राकेश कुमार सिंह ने कहा कि नवजात का मेडिकल परीक्षण कराकर चाइल्ड लाइन की देखरेख में सुपुर्द कर दिया गया।