ज्ञानपुर। नगर पंचायत कार्यालय में शुक्रवार को अध्यक्ष डॉ. घनश्याम दास गुप्ता की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें 22 करोड़ से होने वाले विकास कार्यों पर सहमति बनी। अधिशासी अधिकारी राजेंद्र दूबे ने कराए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। इसमें प्रकाश व्यवस्था, तालाब का सौंर्दयीकरण, नाला, नाली निर्माण कार्य को लेकर चर्चा किया गया।
नगर पंचायत कार्यालय में सुबह 10 बजे से बोर्ड की बैठक शुरू हुई। करीब दो घंटे तक चली बैठक में नगर के विकास कार्य पर चर्चा की गई। इसमें गृहकर, जलकर, दुकान का किराया, लाइसेंस के दामों में इजाफा नहीं किया गया। दरें बढ़ाने पर सभासदों ने चर्चा की लेकिन प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। इसके अलावा पथ प्रकाश, सड़क निर्माण, नाली निर्माण, तालाब और पार्क सुदंरीकरण, सफाई व्यवस्था के उपकरण, सदस्य यात्रा भत्ता, विद्युत बिल भुगतान व्यय, कर संग्रह व्यय आदि पर चर्चा हुई। इस मद में 22 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को बोर्ड की बैठक में पारित कर दिया गया। प्रस्ताव को शासन स्तर से स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।।
ज्ञानपुर नगर पंचायत आदर्श है लेकिन तमाम सुविधाओं से नगरवासी वंचित है। अध्यक्ष ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष के बजट के धनराशि से होने वाले विकास कार्यों पर वार्ड सदस्यों की सहमति मिलने पर प्रस्ताव पास किया गया है। जल्द ही उन पर अमलीजामा पहनाया जाएगा। नगर के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। मानसून सत्र से पहले नाली की सफाई और समुचित व्यवस्था करने की मांग सभासदों ने एक मत से की। इस मौके पर रमेश पासी, रंजीत गुप्ता, जमील, सोहित रावत, राकेश यादव आदि मौजूद रहे।