ज्ञानपुर से भदोही मार्ग का हो रहा चौड़ी करण। संवाद
- फोटो : शहर के रामलीला मैदान स्थित सराफा शोरूम में करवा चौथ के लिए आभूषण की खरीदारी करतीं महिलाएं।
ज्ञानपुर। जिले में ज्ञानपुर-भदोही मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान कार्यदायी संस्था की लापरवाही से मंगलवार को दिनभर लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं। जेसीबी से सड़क के किनारे खोदाई करने के दौरान बीएसएनएल व अन्य नेटवर्क कंपनियों के केबल क्षतिग्रस्त हो गए। इससे दिनभर दफ्तरों में परेशानी उठानी पड़ी। तमाम लोगों को नेटवर्क संबंधी समस्या से भी जूझना पड़ा। मंगलवार को स्थानीय लोगों ने कार्यदायी संस्था पर एक तरफ कम तो एक तरफ ज्यादा खोदाई करने का आरेाप लगाते हुए काम भी रोक दिया था। भदोही को मुख्यालय से जोड़ने वाले करीब 15 किमी मार्ग को काफी दिनों से चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। मार्ग के चौड़ीकरण के लिए बीते मार्च माह में शासन ने 34.41 करोड़ की स्वीकृति दी है, जिसमें मार्ग को पटरी समेत करीब 10 मीटर चौड़ा किया जाना है। बीते माह से ही चौड़ीकरण का काम भी शुरू कर दिया गया है। अब तक कार्यदायी संस्था बाजार के बाहर खोदाई कर रही थी। इससे किसी तरह की परेशानी नहीं हुई लेकिन अब बाजारों में भी चौड़ीकरण को लेकर खुदाई शुरू कर दी गई है। सोमवार को खुदाई को दौरान कार्यदायी संस्था को विरोध का भी सामना करना पड़ा। कार्यदायी संस्था को दोनों तरफ पांच-पांच मीटर चौड़ा किया जाना है लेकिन पटेल नगर के पास एक तरफ अधिक तो दूसरी तरफ कम खोदाई करने का आरोप लगाया गया। इससे नाराज लोगों ने काम रुकवा दिया। हालांकि बाद में समझाने के बाद काम शुरू हुआ। अब मंगलवार को कार्यदायी संस्था की लापरवाही पूर्वक खुदाई से जिओ व बीएसएनएल के केबल कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे पूरे दिन नेटवर्क की समस्या बनी रही। खासकरी दफ्तरों में काम काज में काफी परेशानी उठानी पड़ी। खास तौर से बैंकों में लेन-देन में दिक्कत हुई। वहीं प्राइवेट संस्थाओं के कार्यालयों में काम काज ठप रहा। लोगों ने किसी तरह से वैकल्पिक संसाधनों से काम चलाया।