सीतामढ़ी। प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर सोमवार को नारेपार सीतामढ़ी पहुंचेंगे। मंत्री के आगमन को लेकर किसानों में आस जगी है कि बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड नारेपार सीतामढ़ी की समस्याएं दूर होंगी। नारेपार समिति के संचालक मंडल के राहुल दूबे, ताड़केश्वर नाथ दूबे, राम उजागिर शुक्ल, महेंद्र सिंह, कल्लू गौड़, मिश्री लाल, सोनू सिंह आदि ने कहा कि यह जिले की पहली ग्रामीण सहकारी समिति है, जिसका नवगठन हुआ है। जिले में कई अन्य समितियों का गठन प्रक्रिया में है। नारेपार सीतामढ़ी में समिति का गोदाम बना है। यह समिति लगभग 35 वर्ष पुरानी है। बारिश के दिनों में समिति के चारों ओर पानी भर जाता है। इससे गोदाम में रखे खाद-बीज खराब हो जाते हैं। समिति को कंडम घोषित कर नया गोदाम बनाने की मांग वर्षों से होती आ रही है। नारेपार समिति में धान व गेहूं का क्रय केंद्र भी रहता है। लेकिन, सड़क से काफी नीचे होने के कारण समिति के गोदाम में हमेशा सीलन बनी रहती है। इससे धान और गेहूं भी खराब हो जाता है। ऐसी स्थिति में किसानों को आस है कि विभाग में मंत्री नव गठित ग्रामीण सहकारी समिति नारेपार के लिए नए गोडाउन का तोहफा देंगे। खास बात यह है कि नारेपार समिति पर किसानों का किसी तरह का कोई बकाया नहीं है। बड़ी संख्या में किसान इस समिति से लाभान्वित होते हैं लेकिन भवन जर्जर होने के कारण तमाम समस्याएं आती रहती हैं। मंत्री के आगमन को लेकर किसानों में आस जगी है कि अब इस समिति का कायाकल्प होगा।