जिला मुख्यालय पर हक-अधिकार के लिए प्रदर्शन करते अरई उपरवार के मुसहर परिवार। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। डीघ ब्लॉक के अरई उपवार निवासी मुसहर परिवारों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर हक-अधिकार की मांग की। डीएम कार्यालय में पत्रक देकर आवासीय पट्टे की जमीन के मामले में बढ़ रहे विवाद को दूर कराने की मांग की। कहा कि न्याय न मिलने पर मुसहर परिवार मुख्यमंत्री के जनता दरबार में हाजिरी लगाने के लिए विवश होगा। रमेश कुमार मुसहर ने आरोप लगाया कि गांव स्थित एक जमीन पर ज्ञानपुर तहसील प्रशासन ने परिवारों को जीवन-यापन करने के लिए आवासीय पट्टा देकर एक दर्जन से अधिक परिवारों का नाम भी तहसील अभिलेख में दर्ज किया है। बावजूद इसके गांव का एक व्यक्ति आए दिन मुसहरों को आवासीय पट्टे की जमीन से भगाने और छप्परों को गिराने की धमकी देता है। यहां तक कि वह व्यक्ति आवासीय पट्टे के विरोध में आपत्ति भी दाखिल किया है। कमला देवी मुसहर ने कहा कि उनके लिए आवासीय पट्टे का नियम सरकार ने बनाया है और हमारे हक-अधिकार को नहीं छीना जा सकता। भगाने की धमकी देने वाले के खिलाफ कार्रवाई होने तक आवाज उठाते रहेंगे। प्रदर्शन करने वालों में राजकुमारी, बंधुराम, ऊषा देवी, सीमा देवी, ममता देवी, माधुरी देवी, संगीता देवी, सीमा देवी, मुनक्का देवी, फूलपत्ती देवी, कबूतरा देवी, रामजी, गायत्री देवी, मुन्नारी देवी, अर्चना देवी, सर्वसत्ती देवी आदि रहे। इसी क्रम में रमेश वनवासी, विजय सरोज, राजकुमारी देवी ने डीएम को प्रार्थनापत्र देकर तालाब की जमीन से अतिक्रमण हटवाने की मांग की। औराई तहसील के महथुआ निवासी प्रेमशंकर तिवारी ने तालाब की जमीन पर बने आंगनबाड़ी केंद्र समेत कई अन्य तालाबों से अतिक्रमण हटाने की मांग की।