ज्ञानपुर। अपर जिला जज प्रथम शैलोज चंद्रा की अदालत में शुक्रवार को फैसले की तारीख पर आया हत्या का आरोपित काशीपुर भदोही निवासी इरफान अचानक कोर्ट से गायब हो गया। मामला संज्ञान में आने पर कोतवाली पुलिस उसकी खोज में पूरे दिन हलकान रही, हालांकि सफलता नहीं लगी।
भदोही कोतवाली के घमहापुर निवासी साबिर की हत्या 23 जून 2021 को हो गई थी। उसका शव औराई कोतवाली के दत्तीपुर गांव में नहर के किनारे मिला था। मामले की जांच के बाद लगी पुलिस ने सौदागर व उसके साथी इरफान को गिरफ्तार किया था। दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया था। इसमें इरफान मौजूदा समय में जमानत पर चल रहा है। शुक्रवार को फैसले की तारीख तय थी, सुनवाई के लिए वह कोर्ट में पहुंचा था। अदालत की ओर से मामले में फैसला सुनाया जाना था। आरोपित को कोर्ट के कटघरे में खड़ा होने के लिए कहा गया था। पर वह अचानक कोर्ट से निकलकर गायब हो गया। बाद में जब तय समय पर सुनवाई के लिए पुकार होने लगी तो वह गायब मिला। इसकी सूचना ज्ञानपुर पुलिस को दी गई। पुलिस ने उसकी तलाश में दिन भर हाथ पांव मारती रही पर सफलता नहीं हासिल हो सकी है। एसएचओ अरुण दुबे ने बताया कि न्यायालय से जानकारी होने पर आरोपित की तलाश को दबिश दी जा रही है। बताते चलें कि घटना में एक अन्य आरोपी सौदागर की अक्तूबर 2023 में हत्या हो गई थी।