ज्ञानपुर। मुहर्रम के जुलूस को लेकर जिले की पुलिस अलर्ट मोड में है। सुरक्षा के लिए 14 मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। ताजिया दफन होने तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहेंगे। संवेदनशील भदोही, घोसिया और गोपीगंज में जुलूस और सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मुहर्रम की यौमे आशूरा 10वीं मंगलवार को है। उसी दिन दोपहर में ताजिए का जुलूस निकाला जाएगा जबकि सोमवार की देर शाम तक ताजिए इमाम चौक पर रख दिए गए। मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन अफसरों की तैनाती कर दी है। भदोही, गोपीगंज, नई बाजार, घोसिया, खमरिया, सुरियावां, ज्ञानपुर सहित 14 प्रमुख स्थानों पर जुलूस पर निगरानी रखने के लिए मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। भदोही, औराई, गोपीगंज, खमरिया और नई बाजार में ड्रोन कैमरे से जुलूस पर नजर रखी जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने कहा कि जुलूस पर पैनी नजर रहेगी। नौ थानों की पुलिस, तीनों सीओ, एसडीएम संग 100 एसआई, निरीक्षक दूसरे जिलों से बुलाए गए हैं। पांच क्यूआरटी टीमें अलर्ट रहेंगी जबकि चार टीमें रिजर्व में रखी गई हैं। उन्होंने बताया कि दो प्लाटून पीएसी को भी तैनात किया गया है। ग्रामीण अंचलों में जुलूस को ताजिया में दफन करने तक की जिम्मेदारी थानेेदार और वरिष्ठ उप निरीक्षकों पर होगी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की ओर से नामित मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी ताजिया दफन होने के बाद ही मौके से जाएंगे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर सेल टीम भी लगाई गई है। कोई भी भड़काऊं मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल होगा तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।