लालानगर। शुक्रवार की रात सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की हुई मौत से खानापुर गांव में शनिवार को मातम छाया रहा। इस दौरान रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि चचेरे भाई संदीप कुमार (26), अजय कुमार (20) देर शाम हेलमेट लगाकर बाइक से यह कहते हुए निकले कि पुरजागिर-मिर्जापुर निवासी दोस्त की बरात में जा रहे हैं। जहां से दोनों कपसेठी गई बरात में शामिल हुए और बुआ के घर पिपरिया जाने के लिए रात में ही बाइक से निकल पड़े। इसी समय कपसेठी-कछवां मार्ग स्थित मिल्कीपुर गांव के पास जैसे दोनों पहुंचे तभी विपरीत दिशा से दहेज का सामान लादकर आ रहे पिकअप चालक ने टक्कर मार दिया। टक्कर जबरदस्त होने की वजह से दोनों बाइक समेत गिर कर गंभीर रुप से घायल हो गए। रात होने के कारण घटना की भनक आस-पास के लोगों के न लगने से दोनों की मौके पर ही मौत पर हो चुकी थी। इसके काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक संदीप दो भाइयों में बड़ा था और तीन माह की एक पुत्री का पिता भी है। मृतक अजय कुमार दो भाइयों में छोटा था। ढांढस बंधाने वालों को देखकर परिजनों के आंसू नहीं रुक पा रहे थे।