जिले के आठ स्वास्थ केंद्रों पर मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू वार्ड) बनकर तैयार है। प्रसूताओं और उनके नवजात की बेहतर देखभाल के लिए बनकर तैयार इन एमएनसीयू वार्डों में आपरेशन के बाद उन्हें रखा जाएगा। जिला चिकित्सालय को छोड़कर अन्य सभी केंद्रों पर अनौपचारिक रूप से इसका संचालन शुरू हो चुका है। जिला चिकित्सालय में जल्द ही इसको शुरू किया जाएगा।
जनपद में नवजात शिशुओं के मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से चिकित्सालयों पर बेहतर स्वास्थ सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। इसके लिए शासन के निर्देश पर जिले के आठ केंद्रों पर एमएनसीयू वार्ड बनाया गया है। इन वार्डों में प्रसूता महिलाओं और उनके बच्चों की बेहतर देखभाल के लिए प्रसव के बाद रखा जायेगा। जहां वे 24 घंटे चिकित्सकों की निगरानी में रहेंगी। यहां टैबलेट से लैस प्रशिक्षित स्वास्थकर्मियों को तैनात किया जाएगा। खास बात यह है कि इन वार्डों को बेबी फ्रेंडली बनाया गया है। इस यूनिट में जन्म के समय कम वजन के बच्चों को जरूरत के अनुसार उपचार मुहैया कराया जाएगा।
-
इनसेट
डिप्टी सीएम ने सुरियावां में किया था उद्घाटन
बीते मार्च में जनपद के दौरे पर आए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां के एमएनसीयू वार्ड का उद्घाटन किया था। इसके बाद से अन्य उपकेंद्र पर भी इसके बनाए जाने की कवायद शुरू हुई। अब तक कुल आठ केंद्रों पर कुल 39 बेड के एमएनसीयू वार्ड बनकर तैयार है।
कहां कितने बेड
जिला चिकित्सालय - 8
एमबीएस भदोही - 8
सीएचसी दुर्गागंज - 4
औराई- 6
डीघ - 4
गोपीगंज - 3
सुरियावां- 3
भदोही- 3
-
वर्जन
प्रसूता महिलाओं और उनके बच्चों के बेहतर उपचार के लिए एमएनसीयू वार्ड बनाया गया है। निकाय चुनाव के बाद जिला चिकित्सालय में जिलाधिकारी गौरांग राठी इसका विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसमें टैबलेट से लैस स्वास्थकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए उनको प्रशिक्षित किया जा रहा है। - डॉ. एसके चक, सीएमओ।