ज्ञानपुर। जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरस की प्रगति को लेकर बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री संदर्भ, डीएम संदर्भ, आनलाइन सहित अन्य संदर्भ की शिकायतों के बेहतर निस्तारण पर जोर दिया गया। लापरवाही बरतने वाले विभागों पर कार्रवाई की चेतावनी दी। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री सहित अन्य उच्चाधिकारी समय-समय पर आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी इसके निस्तारण में लापरवाही न बरतें। जो अधिकारी शिकायतों के प्रति गंभीर नहीं है और शिकायत डिफाल्टर की श्रेणी में जा रही हैं, ऐसे अधिकारियों का वेतन तो रोका ही जाएगा और उनके प्रति विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। डीएम ने अप्रैल में सबसे अधिक शिकायत वाले विभाग एसडीएम भदोही, तीनों तहसीलदार और प्रभारी निरीक्षक भदोही के प्रति नाराजगी जताई। तीन दिनों में सभी मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। एसडीएम भदोही, प्रभारी निरीक्षक ज्ञानपुर, औराई, गोपीगंज और भदोही के यहां असंतुष्टों की संख्या अधिक रही, जबकि डीपीआरओ कार्यालय, नाजिर सदर, एसओ औराई, सीओ ज्ञानपुर के यहां डिफाल्टर मामले अधिक रहे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्दबाजी में शिकायतों को निस्तारित न करें। शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने के बाद ही मामले का निस्तारण करें। इस मौके पर एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एडीएम न्यायिक शिव नारायण सिंह, डीडीओ ज्ञान प्रकाश, ईडीएम आशुतोष श्रीवास्तव आदि रहे।