अभोली। जिले में प्रयागराज की सीमा को जोड़ने वाली बसवापुर-बिठौली मार्ग पर गड्ढों की भरमार है। आठ किमी सड़क पर करीब साढे तीन किमी तक करीब 200 से अधिक गड्ढे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक छह साल से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है। राहगीरों को परेशानी होती है। राहगीर इस सड़क पर दस मिनट का सफर एक घंटे में तय करते हैं। सड़कों की मरम्मत को लेकर शासन गंभीर है। जिले में कई बार गड्ढामुक्ति अभियान भी चलाया गया। इसके बाद भी जिले के कई सड़कों की सूरत नहीं बदती। प्रयागराज की सीमा को जोड़ने वाली बसवापुर से बिठौली मार्ग करीब दो दशक पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था। लोगों का कहना है कि छह साल पहले सड़क की मरम्मत हुई थी। मरम्मत के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। कुछ ही महीनों में सड़क जर्जर हो गई। इस मार्ग से हर दिन 500 से 600 लोगों का आना-जाना होता है। वे दस मिनट का रास्ता एक घंटे में तय करते हैं। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईन जैनू राम ने बताया कि बसवापुर -बिठौली मार्ग प्रधानमंत्री सड़क योजना में चयनित हो चुका है। आचार संहिता के कारण टेंडर नहीं हो पाया है। आचार संहिता हटते ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।