भदोही जिले के विजईपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा के मिनी बैंक में घुसकर नकाबपोश दो बदमाशों ने संचालिका से तमंचे के बल पर 80 हजार रुपये लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी मच गई।
यूपी के भदोही जिले के विजईपुर में नकाबपोश दो बदमाशों ने गुरुवार को मिनी बैंक संचालिका से तमंचे के बल पर 80 हजार रुपये लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती मौके पर पहुंचे। भुक्तभोगी मिनी बैंक संचालिका से पूछताछ की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर जांच कर रही है।
विज्ञापन
विजईपुर निवासी सविता देवी केवला देवी कॉलेज के पास बैंक ऑफ बड़ौदा का मिनी बैंक चलाती हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब दो बजे दो युवक काउंटर पर आए। दोनों ने अपना मुंह कपड़े से बांध रखा था। जब तक वे कुछ समझ पातीं, दोनों ने उनपर तमंचा तान दिया और वहां रखे 80 हजार रुपये लेकर भागने लगे।
महिला के अनुसार उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने धक्का देकर गिरा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार महिला से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।
वहीं क्षेत्राधिकारी भदोही अजय चौहान को फटकार लगाते हुए गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। केवला देवी कॉलेज के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, मामले का जल्द खुलासा होगा।