डीघ ब्लॉक के डीघ उपरवार गांव में कोटे की दुकान में बड़ी अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुए जांच में 136 बोरी (66.56 क्विंटल) चावल और 88 बोरी (43.24 क्विंटल) गेंहू कम पाया गया। अनियमितता को लेकर आपूर्ति निरीक्षक बीके विश्वकर्मा ने आरोपी कोटेदार मनोज मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। डीघ उपरवार गांव के कार्डधारकों ने शिकायत किया था कि उन्हें अप्रैल माह का निशुल्क खाद्यान वितरण समय से नहीं हो रहा। शिकायत पर आपूर्ति विभाग ने कोटे की दुकान के अनुबंध की फाइल तलब कर जिलाधिकारी गौरांग राठी के पास भेज दी। मामले में घोर अनुशासनहीनता मानते हुए जिलाधिकारी ने गांव के कोटे की दुकान निलंबित कर दिया है। इसको दूसरे कोटे की दुकान से अटैच करते हुए मामले की जांच के आदेश दिए। बीते 21 अप्रैल को टीम निलंबित कोटे की दुकान पर जांच करने पहुंची तो दुकान पर ताला बंद था। काफी प्रयास के बाद किसी तरह जांच टीम को दुकान की चाभी मिल सकी। जांच के दौरान टीम को दुकान में 136 बोरी चावल और 66 बोरी गेंहू कम मिले। इस वजह से खाद्यान लिंक शॉप को हस्तानातंरित करने में भी दिक्कत हो रहा है। मामले को लेकर कोटेदार पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। आपूर्ति निरीक्षक बीके शर्मा ने बताया कि कोटे की दुकान से गायब हुए खाद्यान को लेकर जवाब मांगा गया है। निश्चित समय पर जवाब न मिलने पर कोटेदार की जमानत राशि जब्त की जाएगी।