गोपीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रयागराज रेल खंड पर माधोरामपुर के पास डेमू की चपेट में आने एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची आरपीएफ ने शव को कब्जे में ले लिया।
कोतवाली के डभका चकवा महाबीर निवासी गुद्दर गौतम (55) शनिवार की सुबह ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर माधोरामपुर की तरफ गए हुए थे। इस बीच अचानक वाराणसी से प्रयागराज जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए। जिससे मौके पर ही गुद्दर की मौत हो गई। आरपीएफ को इसकी सूचना मिली तो वह तत्काल मौके पर पहुंची। उसने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। शिनाख्त के बाद स्थानीय पुलिस को अधेड़ का शव सौंप दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।