राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में डा. पद्मनाथ दूबे (72) निवासी नरथुआं की मौत हो गई और अंडरपास ब्रिज ऊंज पर मैजिक वाहन में आग लगने से अफरातफरी मच गई। इस क्रम में पहली घटना औराई थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब डा. पद्मनाथ अपने आवास नरथुआ से औराई-भदोही मार्ग पर जा रहे थे। इसी समय मार्ग पर टहल रहे एक पशु को बचाने के चक्कर में वह बाइक समेत गिर कर गंभीर रुप से घायल हो गए उसी समय तेज गति से आ रहे ट्रक के रौंद देने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर चालक समेत ट्रक को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र अवनीश दुबे की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जबकि दूसरी घटना में ऊंज अंडरपास ब्रिज पर प्रयागराज की ओर जाते समय एक मैजिक वाहन आग से राख हो गई। हंडिया-प्रयागराज निवासी मो. इमरान का चालक मैजिक से सवारी छोड़ने राजातालाब गया था। लौटते समय चालक जैसे ही ब्रिज पर चढ़ा वैसे आग लग गई और वह वाहन छोड़कर कूद गया। प्रभारी निरीक्षक ऊंज एसके त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड के साथ पहुंचे तब तक वाहन पूरी तरह से जल चुका था।