ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत लगा दी है। सभी विभाग इसमें सहभागिता कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को बेसिक शिक्षा और प्रांतीय रक्षक दल की ओर से स्कूटी और बाइक रैली निकालकर लोगों को 25 मई के दिन मतदान के लिए प्रेरित किया। शिक्षिकाओं ने विभिन्न स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
युवा कल्याण विभाग के प्रादेशिक रक्षक दल के जवानों की बाइक रैली को विकास भवन परिसर से स्वीप नोडल अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी यशवंत कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में दें अपना योगदान, हर हाल में करना मतदान, जिम्मेदार बनें। देश के लोकसभा निर्वाचन में भागीदार बनें। जिला युवा कल्याण अधिकारी दिनेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बाइक रैली के माध्यम से जनपदवासियों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में सभी ब्लॉकों में बीईओ के पर्यवेक्षण में शिक्षिकाओं की ओर से 25 मई को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए स्कूटी रैली निकाली। तहसील भदोही में रजपुरा से मुंशीलाटपुर तक, तहसील ज्ञानपुर में वीएनजीआईसी से गोपीगंज तक रैली लेकर पहुंची। स्लोगन जैसे महिलाओं को वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है। सबकी सुनें, सब जानें। निर्णय अपने मन की मानें। हम भारत की नारी हैं, वोट के हक की बराबर अधिकारी हैं। शिक्षिकाओं ने सभी से 25 मई को बूथों पर पहुंचकर मतदान करने की अपील की।