शुक्रवार को दिन में हाईवे पर छाया कोहरे का धुंध। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुरू हुई बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी है। शुक्रवार को पूरे दिन आसमान बादलों से ढंका रहा। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे गलन में इजाफा हो गया। सड़कों पर कीचड़ होने से आवागमन भी परेशानी भरा रहा। विशेषज्ञ गेहूं के लिए बारिश को बेहतर मान रहे हैं, जबकि आलू और सरसो के लिए नुकसानदायक। करीब एक पखवारे से जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बृहस्पतिवार को दिन भर रूक-रूककर बारिश हुई। जिससे शहर से लेकर ग्रामीण सड़कों पर जहां-तहां कीचड़ हो गया। शुक्रवार को भी हल्की बूंदाबांदी होने से सड़कें फिसलन भरी हो गईं। न्यूनतम और अधिकतम तापमान जरूरी एक से दो डिग्री बढ़ गया है, लेकिन गलन में कमी नहीं आई। पूरे दिन हल्की हवाएं चलने से लोग अलाव के आसपास ही दिखे। घर से बाहर निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों से पूरी तरह ढंके रहे। मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने कहा कि शनिवार को भी पूरे दिन बादल रहेंगे। उन्होंने बताया कि दिन में तेजी बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर हल्के ओले भी गिर सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि बारिश गेहूं के लिए अमृत है। कहा कि अधिक बारिश होने से सरसो की फूल झड़ जाएगी जबकि आलू में रोग फैलने की आशंका बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि तेज हवा चलने से शनिवार को गलन में बढ़ोत्तरी होगी।