औराई। कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव में शनिवार को विवाहिता लक्ष्मी देवी (24) का शव साड़ी के फंदे से लटकता मिला। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भवानीपुर निवासी सुभाष बिंद के तीन बेटों में दूसरे नंबर छोटू बिंद गांव में ही कालीन बुनाई का काम करता है। उसकी शादी मिर्जापुर के पुरजागिर की लक्ष्मी देवी के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि घर में लक्ष्मी से कोई विवाद हो गया था। जिससे वह परेशान थी। शनिवार को खाना आदि खाकर सभी अपने कमरे में सोने चले गए। वह भी अकेेले अपने कमरे में चली गई। आशंका जताया कि उसी दौरान छत में लगे एक लोहे के चुल्ले में साड़ी का फंदा बनाकर लटक गई। परिवार के लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि तीन भाइयों में छोटू और उसके बड़े भाई की शादी हो चुकी है, लेकिन सबसे छोटे की नहीं हुई। सभी का परिवार एक में ही रहता है। जहां आए दिन पति और परिवार के अन्य लोगों से वाद विवाद होता रहता था। लक्ष्मी को एक बेटा और एक बेटी है। वहीं घटना की जानकारी पाकर मायके पक्ष के लोग औराई सीएचसी पहुंचकर गए। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। लक्ष्मी के पिता पंधारी बिंद ने बताया कि 2018 में बेटी की शादी सुभाष के बेटे छोटू बिंद से की थी। शादी के बाद से ही मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी और आए दिन बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। एक दिन पहले बेटी मुझे टेलीफोन कर यहां की स्थिति बताई। ससुराल वालों ने मेरी बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मायके वालों की तरफ से तहरीर मिली है।