ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के महरबा गांव निवासी 28 वर्षीय विवाहिता ने घर में साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया घटना का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतका मंशा सिंह की शादी 2012 मरहबा निवासी सोनू के साथ हुई थी। इनकी एक चार साल की बेटी सृष्टि भी है। 2020 में सोनू की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो जाने के बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से सोनू के छोटे भाई अमित सिंह के साथ मंशा की शादी करा दी। परिजनों के अनुसार मंशा ने अपनी बेटी सृष्टि को किसी बात को लेकर डांट लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर उसके पति अमित ने उसको फटकारा था। जिससे वह नाराज चल रही थी। अमित जब काम पर चला गया तो विवाहिता ने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। इधर विवाहिता का काफी देर तक कमरा न खुलने पर परिजनों को शक हुआ। काफी पीटने के बाद भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। जहां कमरे में साड़ी के सहारे मंशा का शव लटक रहा था। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानपुर सुशील त्रिपाठी ने बताया कि मामले में किसी पक्ष को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।