मृतक सरिता पटेल। फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : BHADOHI
चौरी। थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हाला में मौत हो गई । मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने मामले में पति समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मिर्जापुर जिले के कछवा थाना क्षेत्र के बजरडीहा निवासी सुनील पटेल की 24 वर्षीय बेटी सरिता पटेल की शादी पांच जून 2021 को चौरी के भैरोपुर निवासी संतोष पटेल से हुई थी। पुलिस को दी तहरीर में पिता सुनील ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। शुक्रवार की सुबह नौ बजे ससुराल वालों ने फोन किया कि सरिता की तबियत खराब हो गई है। सूचना पर वह बेटा दीपक के अलावा परिवार के अन्य सदस्य बेटी के घर पहुंचे। जहां सरिता की लाश देखकर परिजन बदहवाश हो गए। उसके गले में निशान देख मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी चौरी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मायके वालों ने आरोप लगाया कि दहेज को लेकर ससुराल वालों ने प्रताड़ित कर शादी के नौ माह में ही सरिता की जिंदगी खत्म कर दी। मृतका के पिता सुनील पटेल की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।