ज्ञानपुर। शादी अनुदान योजना से 1573 बेटियों को तीन करोड़ 14 लाख 60 हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। समाज कल्याण और पिछड़ा वर्ग विभाग को शासन से लक्ष्य मिल गया है। साल 2025-26 में आवेदन करने वाले लाभार्थियों को 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे। गरीब परिवारों को राहत देने के लिए शादी अनुदान योजना संचालित की जा रही थी। इसमें लाभार्थियों को 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती थी। इसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का संचालन होने के बाद बंद कर दिया गया था। हालांकि, फिर से योजना का संचालन शुरू कर दिया गया है। योजना के तहत साल 2025-26 में अनुसूचित जाति के 426 और सामान्य वर्ग के 193 बेटियों की शादी के लिए अनुदान देने का लक्ष्य तय किया गया है। समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव ने बताया कि अनुदान का लाभ लेने के लिए शादी की तिथि से 90 दिन पहले से लेकर 90 दिन बाद तक ऑनलाइन आवेदन शादी अनुदान डाट यूपीएसडीसी डाट गवर्नमेंट डाट इन पर किया जा सकता है। आवेदन के लिए ग्रामीण क्षेत्र के आवेदक की वार्षिक आय 46,080 रुपये और शहरी क्षेत्र में 56,460 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में 954 बेटियों को योजना का लाभ दिया जाएगा। प्रभारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया ने बताया कि आवेदन लिया जा रहा है। सत्यापन के बाद पात्र परिवार को योजना का लाभ दिया जाएगा।