भदोही जिले की सुरियावां कोतवाली पुलिस ने इमरजेंसी सेवा 112 पर बार-बार कॉल कर पुलिस को भ्रमित करने और लैंडलाइन पर कॉल कर गाली गलौच करने वाले युवक को गिरफ्तार किया। आरोप है कि युवक मिथिलेश कुमार बिंद निवासी ख्योखर बार-बार फोन कर पुलिस को झूठी सूचना दे रहा था।
लखनऊ मुख्यालय पर उसके नाम की बार-बार शिकायत दर्ज हो रही थी। उसकी शिकायत पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंचती थी तो वह गायब हो जाता था। इस तरह वह आए दिन पीआरवी पुलिस को फोन कर परेशान करता था। पुलिस भी घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर ही पहुंच जाती थी लेकिन शिकायत झूठी निकलती थी।
इस मामले की जांच के लिए सुरियावां पुलिस भी लगी थी। पुलिस टीम ने कई नंबर ट्रेस किए तो जानकारी हुई कि वह खेवखर गांव को मिथिलेश बिंद है। पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार किया, कड़ाई से पूछताछ की तो उसने कहा कि वह पुलिस कर्मियों को परेशान करने के लिए ऐसा करता था।