ज्ञानपुर। कोविड-19 को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तेवर कड़े करने के बाद अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है। रविवार को देर रात कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में कोविड-19 के कार्यों में कोई भी लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि घर-घर जाकर लोगों को कोविड-19 से बचाव के प्रति प्रेरित करें और संक्रमित व्यक्ति को जरूरत के मुताबिक होम आइसोलेशन या अस्पताल में रखवाया जाए। घर पर आइसोलेट होने की सुविधा देने से पहले वहां सुरक्षा के सारे इंतजाम का समुचित आकलन किया जाना चाहिए। घर में दो बाथरूम और रोगी की देखरेख के लिए एक व्यक्ति की व्यवस्था है कि नहीं। साथ ही समय-समय पर मरीज की प्रगति रिपोर्ट भी लेते रहना है। इस मौके पर सीडीओ विवेक त्रिपाठी, एसडीएम, सीएमओ आदि मौजूद रहे।