मोहल्ला जमुंद मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करते नमाजी
- फोटो : BHADOHI
भदोही। मुकद्दस रमजान के दूसरे जुमे को दोपहर नमाज में नगर की मस्जिदें ठसाठस भरी रहीं। बड़े बुजुर्गों से लेकर बच्चों ने भी मस्जिदों में नमाज अदा दी। विभिन्न मस्जिदों में पेश इमामों ने रोजा, जकात, तरावीह के बारे में लोगों को जानकारी दी और जकात निकालने की अपील की। इस दौरान नमाजियों ने हाथ उठा कर देश और दुनिया में अमन चैन के लिए दुआ की। अजिमुल्लाह चौराहा, आलमपुर, पीरखांपुर, काजीपुर, नूरखांपुर, पचभैय्या, पश्चिम तरफ तकिया कल्लन शाह, बाजार सरदार खां, निजामपुर, बाजार सलाबत खां, दरोपुर गोपला पर, दरोपुर, स्टेशन रोड पर दोपहर सड़कों पर लोग जुमे की नमाज पढ़ने के लिए आते-जाते दिखाई दिए। बड़ों के साथ बच्चे भी हो लिए थे। भीड़ के चलते कई मस्जिदों में जगह कम पड़ गई। आनन फानन में कई मस्जिदों में अलग से नमाज पढ़ने की व्यवस्था की गई। जुमे की नमाज के बाद विभिन्न मस्जिदों में पेश इमाम ने रोजा और जकात पर रोशनी डाली। इनको लेकर लोगों में फैली भ्रांतियों को भी दूर किया। तकिया कल्लन शाह मस्जिद के पेश इमाम हाफिज परवेज अच्छे ने कहा कि जकात निकाल से आपका माल और पाक हो जाता है। जब आप जकात निकालते हैं तो आप के माल का रखवाला अल्लाह हो जाता है। उन्होंने कहा कि जिसे भी अल्लाह ने नवाजा है जकात निकालने से ना तो परहेज करे ना बेइमानी। दूसरी कई मस्जिदों में मुकद्दस रमजान में रोजे की फजीलतों पर बयान किया गया। लोगों को बताया गया कि रोजा रख आंख से अच्छा देखें और कान से अच्छा सुनें। तभी आपका रोजा अच्छा माना जाएगा। उलेमाओं ने बताया कि इस महीने में अल्लाह हर रोजेदार को अपनी बेपनाह मोहब्बतों से नवाजता है।