भदोही। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का वीडियो बनाकर युवक ने उसे फेसबुक-इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी। युवती के पिता को ब्लैकमेल करते हुए उससे 1.5 लाख रुपये मांगे। पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। युवती के पिता ने आरोप लगाया कि एक साल पहले उसके यहां आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में औराई कोतवाली क्षेत्र के शुकुलपुर गांव निवासी आनंद कुमार बरात में आया था। फोटोग्राफी के दौरान उसने उनकी बेटी का वीडियो व फोटो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। आरोप लगाया कि जब उन्होंने उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने उनसे 1.5 लाख रुपये की मांग की। धमकी दी कि वीडियो वायरल कर युवती का जीवन बर्बाद कर देंगे। भदोही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर युवक की तलाश की जा रही है।